सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक की मौत हो गई. हादसा देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा थाना क्षेत्र के झबीरण कट के पास हुआ. दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक ITBP के डीआईजी परमिंदर सिंह मसूरी से अंबाला जा रहे थे. उनकी सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी जैसे ही झबीरण के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक अन्य कार से भिड़ गई.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया.

तेज रफ्तार टक्कर में गाड़ियों के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सड़क पर मलबा फैल गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. पुलिस के अनुसार डीआईजी की गाड़ी में उनके साथ चालक रविशंकर और गनर जयराम मौजूद थे. हादसे में सभी घायल हो गए थे. राहत कार्य के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

मेडिकल कॉलेज में DIG और चालक ने तोड़ा दम

राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ITBP डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक रविशंकर की मौत हो गई. डॉक्टरों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी. वहीं हादसे में घायल गनर जयराम का इलाज जारी है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. अन्य वाहन में सवार लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है.

मसूरी ट्रेनिंग के बाद घर लौट रहे थे DIG

सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि डीआईजी परमिंदर सिंह हरियाणा के अंबाला के रहने वाले थे. वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे. बताया गया कि वह मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अपने घर अंबाला लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे.

ये भी पढ़ें- विकसित भारत की जिम्मेदारी अब…विधान भवन के सामने CM योगी का बड़ा बयान, जानिए क्यों कहा कि UP के बिना देश की आजादी की लड़ाई की कहानी अधूरी है

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वजह से हुआ. प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी है. ITBP अधिकारियों को भी हादसे की सूचना भेज दी गई है. जवानों और अधिकारियों में घटना को लेकर शोक का माहौल है.