विकास कुमार, सहरसा। जिले से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। सहरसा के डरहार थाना क्षेत्र में गंगा डॉल्फिन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है और वीडियो में दिख रहे मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
संयुक्त कार्रवाई और प्रेस वार्ता
इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। सदर थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी एसडीपीओ ने मीडिया को इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच करने के बाद तुरंत कानूनी शिंकंजा कसने का निर्णय लिया गया था।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग, सहरसा द्वारा इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी कुंदन कुमार के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (Wildlife Protection Act, 1972) के सुसंगत प्रावधानों के तहत औपचारिक परिवाद दर्ज किया गया। गंगा डॉल्फिन भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है, और इसके संरक्षण को लेकर कड़े कानून बनाए गए हैं। कानून का उल्लंघन करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ विभाग बेहद सख्त नजर आ रहा है।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
परिवाद दर्ज होने के बाद डरहार थाना पुलिस और वन विभाग की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम ने छापेमारी कर आरोपी कुंदन कुमार को धर दबोचा। फिलहाल, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अपनी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है और गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में पेशी के वास्ते रवाना कर दिया है। प्रशासन का यह कदम वन्यजीवों के प्रति इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और अवैध कृत्यों को अंजाम देने वालों के लिए एक सख्त संदेश है।


