विकास कुमार, सहरसा। सदर थाना पुलिस ने नशामुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 57 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 14 वर्षीय नाबालिग को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया है। दोनों को पटुआहा स्थित हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा गया। बरामद स्मैक को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी के दौरान हुई गिरफ्तारी
प्रभारी एसडीपीओ सह ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश ने सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक के विशेष नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 12 अगस्त को पटुआहा हनुमान मंदिर के समीप दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान पारदर्शी प्लास्टिक के थैले से 57 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
नाबालिग समेत दो संदिग्ध गिरफ्तार
गिरफ्तार युवक की पहचान डुमरैल वार्ड नंबर 21 निवासी अर्जुन यादव के पुत्र शिवा यादव के रूप में हुई है। वहीं दूसरे की पहचान पटुआहा वार्ड नंबर 24 निवासी 14 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजय कुमार पासवान, टीओपी-2 प्रभारी राघवेन्द्र कुमार, टीओपी-1 प्रभारी जितेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
बाइक चोर भी हुआ गिरफ्तार
वहींं, बाइक चोरी के मामले में बटराहा निवासी राजा यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उससे बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि नशे के कारोबार और वाहन चोरी पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- हत्या या फिर कुछ और…रोहतास में मजदूर का नग्न हालत में शव मिलने से हड़कंप


