विकास कुमार/सहरसा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सहरसा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे और विभिन्न गंभीर मामलों में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी ललटू कुमार उर्फ लल्टू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधी की गिरफ्तारी कटिहार रेलवे स्टेशन से हुई जहां वह पुलिस की नजरों से बचकर भागने की फिराक में था।
ऑपरेशन की पृष्ठभूमि और गिरफ्तारी
बैजनाथपुर थाना कांड संख्या 59/26 में वांछित लल्टू यादव की तलाश पुलिस को काफी समय से थी। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों के बाद, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर बैजनाथपुर थाना पस्तपार थाना और जिला आसूचना इकाई (DIU) ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। पुलिस की घेराबंदी इतनी पुख्ता थी कि अपराधी को कटिहार रेलवे स्टेशन से दबोच लिया गया।


आदतन अपराधी रहा है लल्टू यादव
गिरफ्तार अपराधी लल्टू यादव मूल रूप से पस्तपार थाना क्षेत्र के रहुआ वार्ड संख्या-06 का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह महज एक इनामी अपराधी ही नहीं बल्कि एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ सहरसा और मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में लूट, छिनतई और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा। समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इस छापेमारी टीम में कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए इस कुख्यात अपराधी को कानून के दायरे में खड़ा किया। अब पुलिस लल्टू यादव को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ कर रही है, ताकि क्षेत्र में हुए अन्य अपराधों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।

