विकास कुमार/सहरसा। कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष के शुक्रवार को सदर थाना में किए गए औचक निरीक्षण ने पूरे पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। इस निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीआईजी के इस सख्त कदम से स्थानीय पुलिस कर्मियों में हड़कंप और सतर्कता की स्थिति बनी हुई है।
वर्दी नदारद, जवाब देने में रहे विफल
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पाया कि सदर थाना में पदस्थापित एएसआई अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मोहम्मद अली खान और चौकीदार मनोज कुमार बिना वर्दी के सादे कपड़ों में थाना परिसर में मौजूद थे। डीआईजी ने जब उनसे ड्यूटी के दौरान वर्दी न पहनने का कारण पूछा, तो वे कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इसे अनुशासन के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए डीआईजी ने मौके पर ही तीनों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई के बाद से स्पष्ट संदेश गया है कि पुलिस बल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिस कर्मी का पूरी वर्दी में होना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाने में आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील, विनम्र और सम्मानजनक होना चाहिए। शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निपटारा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ट्रैफिक और अतिक्रमण पर भी सख्त तेवर
औचक निरीक्षण के उपरांत डीआईजी ने एसडीपीओ, यातायात डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें सहरसा शहर की यातायात व्यवस्था पर मंथन किया गया। बैठक में कचहरी ढाला, थाना चौक, सुपर मार्केट बस स्टैंड, शंकर चौक और गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की रणनीति बनाई गई।
डीआईजी ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने का निर्देश दिया। साथ ही, सड़कों पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध ‘बिहार पुलिस हस्तक नियम-34’ के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। अंत में, उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सहरसा को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाया जा सके।

