विकास कुमार, सहरसा। पति, देवर एवं ननद पर मारपीट कर घर से निकालने तथा बच्चों को लेकर चले जाने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने महिला थाना अध्यक्ष, सहरसा को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आवेदन में अपने पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

2016 में हुआ था विवाहा

महिला के अनुसार, उसका विवाह वर्ष 2016 में हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों के साथ किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहा। इस संबंध में पूर्व में भी न्यायालय में मामला दर्ज होने की बात महिला ने आवेदन में कही है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने न्यायालय में भी अपनी गलती स्वीकार की थी, इसके बावजूद उसके साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

पति, देवर और ननद पर मारपीट का आरोप

आवेदन के मुताबिक, हाल के दिनों में पति ने कथित तौर पर उसे घर से निकाल दिया और बच्चों को भी अपने साथ ले गया। महिला का कहना है कि जब वह अपने बच्चों और परिवार के लोगों से मिलने पहुंची तो उसके साथ फिर से मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि उसके पति सहित देवर और ननद ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

सीसीटीवी कैमरे को हटाने का आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे को हटाया या बंद किया गया, जिससे घटना से संबंधित साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका है। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।

महिला ने महिला थाना पुलिस से पति एवं ससुराल पक्ष के संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। आवेदन पर पुलिस की ओर से जांच और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

ये भी पढ़ें- बाढ़ के बीच नाव से शराब की तस्करी, उत्पाद विभाग ने 312 लीटर बीयर की खेप पकड़ी