कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के दानपुर में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बाढ़ के बीच विभाग ने पानापुर दियरा में नाव से ले जाई जा रही 312 लीटर बीयर की बड़ी खेप जब्त की है। हालांकि इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम को देख शराब तस्कर मौके फरार होने में कामयाब हो गए, जिससे इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पटना उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र के रास्ते नाव से भारी मात्रा में बीयर की तस्करी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया और पानापुर दियरा में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

नाव पर लदी 624 पीस बीयर बरामद

छापेमारी के दौरान टीम ने गंगा दियारा में एक नाव पर लदी हुई 312 लीटर बीयर बरामद की जिसमें कुल 624 पीस शामिल हैं। जब्त की गई बियर की अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक लाख रुपये के आसपास आंकी गई है। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर उत्पाद विभाग की टीम को देखकर मौके से फरार होने में सफल रहे, इस कारण मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

आगे भी जारी रहेगी विभागी कार्रवाई

सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने अपने बाइट में कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर दानापुर के पानापुर दियरा में कार्रवाई की गई है, नाव से 312 लीटर बीयर जब्त हुई है जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये है, मौके से कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन नाव को जब्त कर लिया गया है और फरार तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही दियारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए विभाग लगातार इस तरह की कार्रवाई करता रहेगा और किसी भी कीमत पर शराब तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘कोई भी बख्शा नहीं जाएगा’, जमुई कांड पर ADG ने बताया पुलिस का पूरा एक्शन