पटना। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और खतरनाक कटाव ने साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा का पानी रेलवे ट्रैक से मात्र 13 मीटर की दूरी पर आ गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में बड़े बदलाव किए हैं।

​ट्रैक सुरक्षा और युद्धस्तर पर बचाव कार्य

​कटाव की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने डाउन लाइन पर पूरी तरह ट्रेनों का संचालन रोक दिया है, जबकि अप लाइन पर ट्रेनें बेहद धीमी गति से चल रही हैं। ट्रैक को बचाने के लिए प्रभावित स्थल पर बड़े पैमाने पर बोल्डर डंपिंग का काम शुरू किया गया है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ब्रह्मम मांझी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडल से लेकर मुख्यालय स्तर के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। जलस्तर घटने और स्थिति अनुकूल होने के बाद ही डाउन लाइन पर सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।

​30 सितंबर से रद्द ट्रेनें

​यात्री सुरक्षा के मद्देनजर 30 सितंबर 2026 से कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। इनमें शामिल प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार हैं:

  • ​साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू (63401)
  • ​आजीमगंज-साहिबगंज मेमू (63421)
  • ​साहिबगंज-भागलपुर मेमू (63411)
  • ​बर्द्धमान-साहिबगंज मेमू (63063)
  • ​बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर (53411)
  • ​हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस (13427)
  • ​रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू (63405)
  • ​मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू (63402)
  • ​साहिबगंज-आजीमगंज मेमू (63422)
  • ​भागलपुर-साहिबगंज मेमू (63412)
  • ​साहिबगंज-बर्द्धमान मेमू (63064)
  • ​साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर (53412)

​बदला गया मार्ग और आंशिक परिचालन

​लंबी दूरी की ट्रेनों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। बलिया-सियालदह एक्सप्रेस और काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस का मार्ग बदलकर मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाईपास किया गया है, जिनका भागलपुर और देवघर में ठहराव रहेगा। गया-हावड़ा एक्सप्रेस को किऊल-झाझा-आसनसोल के रास्ते चलाया जाएगा। इसके अलावा, कुछ ट्रेनों का सफर बीच में ही समाप्त किया गया है, जैसे आजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर का बड़हरवा में आंशिक समापन, तथा रामपुरहाट-गया पैसेंजर और मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी का साहिबगंज से आंशिक प्रारंभ।

​यात्रियों के लिए सलाह

​रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर पर निकलने से पहले आधिकारिक पूछताछ सेवा 139 या रेलवे ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की लाइव स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें.