कुलदीप सिंह, फतेहपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें नकल और माफियाओं का संरक्षक बताया है. फतेहपुर दौरे के दौरान सीएम योगी ने जिले की जनता को 489 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया.
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के परिवारवाद और कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि “सैफई सिंडीकेट” हमेशा से नौजवानों की नौकरियों पर डांका डालता रहा है. युवाओं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया कांग्रेस और सपा की विरासत रहे हैं, जिन्हें इन्होंने पाला-पोसा है. नकल माफियाओं के खिलाफ अब और अधिक कड़े प्रावधान लाए जा रहे हैं, जिसके तहत 10 साल की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का कानून आने वाला है। साथ ही, गिरफ्तार आरोपियों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी.
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधियों और माफियाओं के लिए बीजेपी सरकार में केवल दो ही जगहें हैं- या तो जेल या जहन्नुम. सीएम ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. NEET पेपर लीक के मामलों में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए संलिप्त अधिकारियों की सेवाएं तक समाप्त कर दी गई हैं. राजनीतिक प्रहारों के बीच मुख्यमंत्री ने फतेहपुर जिले के विकास को गति देने के लिए 489 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.


