सोनीपत | एक किसान की जमीन बिक गई और उसे पता तक नहीं चला, हद तो तब हो गई जब जमीन पर 50 करोड़ का लोन भी ले लिया गया, किसान को जब पुरे मामले का पता चला तो उसके पैरो तले जमीन खिसक गई, पीड़ित किसान ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई मगर कोई मदद नही मिली, अंत में पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया तब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की|

दरअसल ये पूरा मामला सोनीपत के गाँव नागल कलां का है, किसान बलवान के अनुसार 39 कनाल 19 मरले जमीन फर्जी तरीके से बेची गई जिसमे उसका एक तिहाई हिस्सा है, दिल्ली के शास्त्री नगर निवासी रामानंद शर्मा ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पंजाब के तरनतारन में फर्जी पावर ऑफ़ अटोर्नी तैयार करवाई और फिर 9 जून 2005 को जमीन चमन लाल के नाम पर बेच दी, इसके बाद रामानंद और चमन लाल ने बैंक अधिकारियों से मिलकर SBI की चांदनी चौक शाखा में 50 करोड़ में गिरवी रख दी|

पीड़ित का दावा है कि वह ना तो कभी तरनतारन गया और ना ही किसी पॉवर ऑफ अटोर्नी पर दस्तखत किए फिर भी जमीन कैसे बिक गई यह समझ से परे है, मामले की शिकायत लेकर वह कुंडली थाना भी गया मगर पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की|

इसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया, अदालत के आदेश के पर कुंडली पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, जमीन से जुड़े दस्तावेजों, कथित पॉवर ऑफ़ अटोर्नी और बैंक से लिए लोन समेत पुरे मामले की जाँच की जा रही है|

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m