समस्तीपुर। बुधवार की शाम अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महंथी गांव में बाइक सवार बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष के बेटे को सरेआम गोली मार दी। इस कातिलाना हमले में युवक को पेट और सीने में कुल तीन गोलियां लगी हैं, जिससे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
किराना दुकान गए थे युवक, घात लगाए बैठे थे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान स्थानीय पैक्स अध्यक्ष संजय सिंह के 30 वर्षीय बेटे आदित्य वत्स उर्फ नवनीत सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की शाम करीब सात बजे नवनीत घर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित बांध के पास एक किराना दुकान पर घरेलू सामान खरीदने के लिए गए थे।
इसी दौरान पहले से ही घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार कुल पांच अपराधी वहां अचानक आ धमके। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, एक बाइक पर दो और दूसरी बाइक पर तीन बदमाश सवार थे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने नवनीत को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने कुल छह राउंड से अधिक गोलियां चलाईं, जिसमें से तीन गोलियां सीधे नवनीत के पेट और सीने में जा धंसी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आते देख बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में घायल नवनीत को इलाज के लिए विभूतिपुर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पटना रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल लेकर चले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विभूतिपुर थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और वहां से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और छापेमारी तेज
इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद प्रताप सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि महंथी गांव में गोलीबारी की यह गंभीर सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत रोसड़ा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर उसे मौके पर रवाना किया गया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य कारण। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


