कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार (14 जून, 2026) को पटना में 01 अणे मार्ग से किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शारदीय खरीफ महाभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस मौके पर 2 कृषि ज्ञान वाहन सहित सभी जिलों के लिए किसान जागरूकता रथ रवाना किए गए। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी के साथ कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौके पर मौजूद रहे।

किसानों को दी जाएगी जानकारी

इस महाभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम से जुड़ी हर जरूरी जानकारी देना है। जागरूकता रथ के जरिए किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और अनुदानित दर पर मिलने वाले बीज-उर्वरक की जानकारी भी दी जाएगी। किसानों की आय कैसे बढ़े, इसके लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के बारे में बताया जाएगा।

महाभियान के तहत कृषि उपकरणों की जानकारी और प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा। खेत बचाओ अभियान के तहत प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक का प्रयोग और फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।

जिलों में भी चलाए जा रहे हैं रथ

इस महाभियान के तहत जिलों में भी रथ चलाए जा रहे हैं। इंडियन पोटाश लिमिटेड का किसान जागरूकता रथ उन्नत कृषि तकनीक, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा मिट्टी के स्वास्थ्य और कार्बन अनुपात को सुधारने की जानकारी दे रहा है। रथ के माध्यम से फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मेन्योर के उपयोग, जीवांश संरक्षण और रासायनिक व प्राकृतिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के फायदे बताए जा रहे हैं।

30 जून तक सभी प्रखंडों में चलेगा कार्यक्रम

12 जून से 30 जून 2026 तक सभी प्रखंडों में प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम चल रहे हैं। हर पंचायत में कृषि जनकल्याण चौपाल लगाकर किसानों को खेती की नई तकनीकों से जोड़ा जाएगा। किसानों से फार्मर रजिस्ट्री बनवाने का आग्रह किया जा रहा है क्योंकि आगे उर्वरक वितरण इससे ही जुड़ेगा।

ये भी पढ़ें- एक भाई जेल में बंद, दूसरे की हत्या! रौशन आनंद के भाई की मौत पर पप्पू यादव की CM सम्राट से बड़ी मांग