Bihar News: पटना स्थित बिहार विधान परिषद् उपसभागार में आज गुरुवार (28 मई) को स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की 143वीं जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने वीर सावरकर के व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके तैल चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘वीर सावरकर की जीवनी’ नामक पुस्तक का भी लोकार्पण किया।
‘त्याग और संघर्ष का प्रतीक वीर सावरकर का जीवन’
इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, वीर सावरकर का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और संघर्ष का प्रतीक रहा है। देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रहित के लिए उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचार और संघर्ष आज भी देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।
सावरकर माने तेज, सावरकर माने त्याग
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की एक कविता को शेयर किया, जिसमें पूर्व पीएम वीर सावरकर की प्रशंसा करते हुए नजर आ रहे हैं। सीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा-
सावरकर माने तेज,
सावरकर माने त्याग,
सावरकर माने तप,
सावरकर माने तत्व,
सावरकर माने तारुण्य…
उन्होंने कहा कि, राष्ट्रभक्ति, अदम्य साहस और अखंड राष्ट्र चेतना के प्रेरणास्रोत वीर सावरकर जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग, तप और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। वीर सावरकर जयंती पर महान क्रांतिकारी, प्रखर राष्ट्रवादी और दूरदर्शी चिंतक को शत-शत नमन।
कौन थे वीर सवारकर ?
आपको बता दें कि वीर सावरकर को एक महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक के तौर पर जाना जाता है। वह मुख्य रूप से ‘हिंदुत्व’ की विचारधारा को राजनीतिक रूप देने के लिए विख्यात थे। बिट्रिश साम्राज्य के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंकने के लिए उन्हें अंडमान के सेलुलर जेल में काफी यातनाएं सहनी पड़ी थीं। ब्रिटिश सरकार ने उन्हें आजीवन कारावस की सजा सुनाई थी। सावरकर ने अपने जीवन काल के 14 साल और 4 महीने (लगभग 15 साल) जेल में बिताए थे। साल 1966 में 26 फरवरी को 83 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया था।
ये भी पढ़ें- ‘गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई’, शराबबंदी कानून पर मंत्री मदन साहनी का बड़ा बयान, तेजस्वी को भी घेरा

