मुजफ्फरपुर के मोतीपुर स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मेगा फुटवियर एंड लेदर एक्सेसरीज क्लस्टर का उद्घाटन किया। फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया और उद्योग, कृषि, मखाना, साइबर क्राइम, जीविका और तिरहुत दुग्ध उत्पादन विभाग के स्टॉलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कारोबारियों और छोटे उद्यमियों से बात की।
​कार्यक्रम में भूमिहीन महिलाओं को 2-2 डिसमिल जमीन के कागजात दिए गए। साथ ही दिव्यांगजनों को 1,100 पेंशन के चेक और स्वरोजगार व सहूलियत के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल बांटी गई।

​आधुनिक सुविधाएं और प्लग एंड प्ले ढांचा

करीब 62 एकड़ में फैले इस मेगा पार्क को केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से तैयार किया गया है। पार्क में तीन जी-प्लस-2 (G+2) ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां प्लग एंड प्ले की सुविधा मिलेगी। इससे उद्यमियों को शुरुआत में बुनियादी ढांचे पर अलग से भारी खर्च नहीं करना पड़ेगा और वे तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगे।

​कॉमन फैसिलिटी सेंटर से छोटे उद्यमियों को मदद

क्लस्टर में 8.5 करोड़ की लागत से आधुनिक मशीनों से लैस ‘कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ बनाया गया है। साझा मशीनरी की उपलब्धता से छोटे उद्यमियों को महंगी मशीनें खरीदने की जरूरत नहीं होगी, जिससे उनकी उत्पादन क्षमता और उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

​रोजगार और भविष्य की योजनाएं

अब तक पार्क में 5 कंपनियों को जमीन व प्लग एंड प्ले स्पेस अलॉट किया जा चुका है। इनसे लगभग 2,100 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनने का अनुमान है। आने वाले समय में यहां महिला व पुरुष कर्मचारियों के लिए हॉस्टल और परिसर को रेल लाइन से डायरेक्ट जोड़ने की भी योजना है। इस पहल से मुजफ्फरपुर सहित पूरे उत्तर बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।