कुमार इंदर, जबलपुर/डिंडौरी। डिंडौरी नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने करीब दो से तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सीएमओ के ट्रांसफर के बाद वेतन भुगतान की समस्या और बढ़ गई है। सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद प्रशासन और अध्यक्ष के प्रति नाराजगी जताते हुए साफ कहा है कि जब तक बकाया वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
सफाई कर्मचारियों के काम बंद करने का असर नगर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। एक दिन सफाई नहीं होने से नगर के कई वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रख चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में वेतन भुगतान होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: डिवाइडर तोड़ रेल पुल से नीचे गिरा ट्रक: कटनी-चोपन रेल मार्ग पर थमीं सांसें, बड़ा हादसा टला
कांग्रेस पार्षद ज्योतिराज भलावी ने कहा कि जितने भी सफाई कर्मी है, वह सब धरने पर बैठे है। इनका तीन महीने का वेतन रुका हुआ है। CMO साहब नहीं है। अध्यक्ष मैडम भी ध्यान नहीं दे रही है। महंगाई के इस दौर में कर्ज से परेशान है। जिसकी वजह से धरने पर बैठे हुए है। वहीं उन्होंने सफाईकर्मियों को वेतन देने की मांग की है।

