अनूप दुबे, कटनी। कटनी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होने से हड़कंप मच गया। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जगतपुर उमरिया के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर को चकनाचूर करते हुए सीधे कटनी-चोपन रेल मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज (पुल) से नीचे जा गिरा। ट्रक गिरने की गूंज और धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि ट्रक सीधे पटरियों पर न गिरकर रेलवे लाइन के ठीक किनारे (साइड) में गिरा, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा होते-होते टल गया। घटना में वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।

​तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे एक ट्रक (क्रमांक एमपी-21, एच-1071) कटनी से उमरिया की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही ट्रक जगतपुर उमरिया ग्राम के समीप स्थित रेलवे पुल पर पहुंचा, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू हो चुका यह ट्रक पहले तो तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराया और उसे तोड़ते हुए सीधे पुल के नीचे खाइयों में जा गिरा।

ये भी पढ़ें: क्योंटी जलप्रपात में बड़ा हादसा, बाइक समेत खाई में गिरे दो युवकों की मौत, मची अफरा-तफरी

​धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। नीचे झांकने पर ट्रक पूरी तरह दुर्घटनाग्रस्त नजर आया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिना वक्त गंवाए नीचे उतरकर राहत कार्य शुरू किया। ट्रक के केबिन में फंसे घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। संयोग अच्छा था कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद चालक को केवल मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि ट्रक रेलवे ट्रैक के ऊपर नहीं गिरा। यदि ट्रक मुख्य पटरी पर गिरता और उस दौरान कोई ट्रेन वहां से गुजरती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस के मुताबिक, इस हादसे से कटनी-चोपन रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ है और रेल यातायात पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित है।

ये भी पढ़ें: Gwalior में EOW का एक्शन: तहसीलदार दफ्तर में दी दबिश, 20 हजार की रिश्वत लेते रीडर को दबोचा

​मामले की जांच में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के. के. पटेल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी के. के. पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था। दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खोने का लग रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m