करनाल में मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की अफवाहों पर विराम लगाया और पंजाब के सीएम भगवंत मान के वायरल वीडियो पर तीखा हमला बोला।
सुमन चौहान,करनाल। राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने मनोहर लाल के दोबारा हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने की सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया। संजय भाटिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान में नायब सिंह सैनी ही हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं और वे पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने खुद बेहद नजदीक से उनकी कार्यशैली को देखा है। संगठन का काम हो या फिर आम जनता के कल्याण के कार्य, वे जिस समर्पण के साथ रात-दिन मेहनत कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है।

राम मंदिर और कानून व्यवस्था
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर को लेकर हाल ही में हुए विवादित मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि यह बेहद गलत और निंदनीय घटना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक बयान का हवाला देते हुए कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी दोषी को बिल्कुल नहीं बख्शेगी। इस घटना में जिन भी आरोपियों के नाम सामने आए थे, उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक को मिली धमकी के मामले पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि देश में टेक्नोलॉजी बढ़ने के साथ विदेश से धमकी भरे फोन आने लगे हैं। पुलिस प्रशासन इन मामलों में कड़ी कार्रवाई कर रहा है।

भगवंत मान पर तीखा हमला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अकाल तख्त साहिब वाले वायरल वीडियो पर संजय भाटिया ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैंने वह वीडियो देखा है, जिससे साफ पता चलता है कि वे झूठ बोल रहे हैं। अकाल तख्त साहिब के सामने जब उनसे सवाल पूछे जा रहे थे, तब उनके जवाब और उसके बाद तैयार कराई गई फेक रिपोर्ट की सच्चाई अब सबके सामने आ चुकी है। हम सभी गुरु साहिब का दिल से सम्मान करते हैं, इसलिए भगवंत मान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी मर्यादा का उल्लंघन करने वाले अपनी ही पार्टी के ऐसे नेता पर तुरंत सख्त एक्शन लेना चाहिए।

