सोहराब आलम, मोतिहारी। राजधानी पटना में चल रहे छात्र आंदोलन और लगातार बढ़ती महंगाई के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने मोतिहारी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई मुद्दों पर तीखी और स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने छात्रों से किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की पूरी जानकारी साझा की है।

​छात्र आंदोलन और शिक्षक बहाली पर बड़ा बयान

​पटना में छात्रों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर बोलते हुए सांसद संजय जायसवाल ने स्पष्ट किया कि राज्यपाल के नेतृत्व में छात्रों की हर जायज मांग पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरी गंभीरता के साथ विचार कर रहे हैं और उन्हें माना जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षक बहाली प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर काम कर रही है।
​सांसद ने जानकारी दी कि राज्यभर में लगभग 20 हजार से अधिक स्थानों पर टीआरई-4 (TRE-4) के तहत कुल 30 हजार शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा, छात्रों की उम्र सीमा से जुड़े मामलों को भी सरकार ने संज्ञान में लेते हुए स्वीकार कर लिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस समय जो छात्र आंदोलन हो रहे हैं, उनके पीछे कुछ असामाजिक या राजनीतिक तत्वों का हाथ हो सकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ऐसे लोगों की साजिशें कभी कामयाब नहीं होंगी और जहां रची जा रही हैं, वहीं धरी की धरी रह जाएगी। उन्होंने सभी युवाओं और छात्रों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रमित करने वाली अफवाहों के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें।

​चीनी और प्याज की बढ़ती कीमतों पर सरकार गंभीर

​आम जनजीवन को सीधे प्रभावित करने वाली महंगाई, विशेषकर चीनी और प्याज के दामों में हो रही बेतहासा वृद्धि को लेकर भी सांसद ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने स्वीकार किया कि इन खाद्य पदार्थों के बढ़ते दाम चिंता का विषय हैं और सरकार इस पर पूरी तरह से गंभीर है।
​डॉ. संजय जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और सरकार स्तर पर जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कार्रवाई का सकारात्मक असर आने वाले मात्र पांच दिनों के भीतर बाजार में साफ तौर पर दिखाई देने लगेगा और जनता को बढ़ती कीमतों से बड़ी राहत मिलेगी।