शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बागी सांसदों पर दूसरे दिन भी तीखा हमला बोला। बुधवार को अपशब्दों का इस्तेमाल करने के बाद गुरुवार को भी उन्होंने बागी सांसदों को निशाने पर लिया और उन्हें ‘डरपोक ****’ बताया। राउत ने कहा कि पार्टी छोड़ने वाले सांसद **** हैं और जनता का सामना करने से डर रहे हैं।

पत्रकारों द्वारा बागी सांसदों को मिली सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल पूछे जाने पर राउत ने कहा कि वे **** हैं, इसलिए सुरक्षा घेरे में घूम रहे हैं। इसके बाद उन्होंने उन्हें “डरपोक” करार देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में बिना सुरक्षा के जाकर जनता का सामना करें।

‘शौर्यचक्र मिला हो, ऐसे घूम रहे हैं’

राउत ने तंज कसते हुए कहा कि जब ये सांसद शिवसेना (UBT) के साथ थे, तब स्वतंत्र रूप से अपने क्षेत्रों में घूमते थे। अब उन्हें सुरक्षा दी गई है और वे ऐसे चल रहे हैं मानो उन्हें कोई शौर्यचक्र मिला हो। उन्होंने कहा, “दो गार्ड आगे और दो पीछे लेकर चल रहे हैं। जनता के बीच जाने का साहस नहीं बचा है।”

सुप्रीम कोर्ट पर भी साधा निशाना

बागी सांसदों के मुद्दे पर बोलते हुए संजय राउत ने सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वाली परिस्थितियों के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी सुप्रीम कोर्ट की है। राउत के मुताबिक, यदि समय पर प्रभावी हस्तक्षेप हुआ होता तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

संसदीय दल की बैठक में पहुंचे सिर्फ तीन सांसद

गुरुवार को दिल्ली में शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन उसमें केवल अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे ही शामिल हुए। बाकी छह सांसद अनुपस्थित रहे। इसके बाद पार्टी ने इसे व्हिप का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बागी सांसदों को भेजा जाएगा नोटिस

बैठक के बाद राउत ने कहा कि अनुपस्थित सांसदों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा और उनसे जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सांसद पार्टी के चुनाव चिन्ह पर जीतकर आए हैं, इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भाजपा पर महाराष्ट्र की राजनीति को “गंदा” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका राजनीतिक मूल्य उसे चुकाना पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m