2006 बैच की IPS अधिकारी संजुक्ता पाराशर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन यानी CoBRA का इंस्पेक्टर जनरल (IG) नियुक्त किया गया है। वह इस प्रतिष्ठित कमांडो यूनिट की IG बनने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। CRPF मुख्यालय ने पिछले सप्ताह उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था, जिसकी जानकारी अब सामने आई है। वह 1996 बैच के IPS अधिकारी दानेश राणा का स्थान लेंगी।

कौन हैं संजुक्ता पाराशर?

असम-मेघालय कैडर की IPS अधिकारी संजुक्ता पाराशर को असम में उग्रवाद विरोधी अभियानों में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है। असम में तैनाती के दौरान उनके साहस और नेतृत्व के चलते उन्हें ‘लेडी सिंघम’ के नाम से भी पहचान मिली।

2008 में हुआ था CoBRA का गठन

CRPF ने वामपंथी उग्रवाद (LWE) से प्रभावित इलाकों में अभियान चलाने के लिए 2008-09 में CoBRA का गठन किया था। बाद में यूनिट को पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में उग्रवाद विरोधी अभियानों की जिम्मेदारी भी दी गई। हाल ही में मणिपुर में सशस्त्र हिंसा से निपटने के लिए CoBRA की दो यूनिट तैनात की गई हैं।

संजुक्ता पाराशर की बहादुरी के 5 चर्चित किस्से

  1. जातीय हिंसा के बीच संभाला मोर्चा: 2008 में पहली पोस्टिंग के कुछ समय बाद उन्हें उदालगुड़ी भेजा गया, जहां बोडो और अन्य समुदायों के बीच हिंसा भड़की थी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने में भूमिका निभाई।
  2. AK-47 लेकर जंगलों में अभियान: सोनितपुर की SP रहते हुए उन्होंने CRPF और पुलिस कमांडो के साथ घने जंगलों में उग्रवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया।
  3. रातभर चला ऑपरेशन: अगस्त 2016 में असम-अरुणाचल सीमा के पास संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर फायरिंग और ग्रेनेड हमले के बावजूद ऑपरेशन जारी रहा। अभियान में NDFB(S) के तीन उग्रवादी मारे गए।
  4. एक साल में 16 उग्रवादी ढेर: 2014-15 के दौरान उनके नेतृत्व में चले अभियानों में 16 उग्रवादियों के मारे जाने और 64 की गिरफ्तारी की रिपोर्ट सामने आई थी।
  5. धमकियों के बावजूद डटी रहीं: मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उन्हें उग्रवादी संगठनों की ओर से धमकियां भी मिलीं, लेकिन उन्होंने संवेदनशील इलाकों में अपनी जिम्मेदारियां निभाना जारी रखा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m