रविदासिया कौम के अमर शहीद 108 संत रामानंद जी महाराज के शहीदी दिवस पर कालपी बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं के लिए छबील का आयोजन किया गया।

अंबाला। जिले के तहत बराड़ा क्षेत्र के गांव कालपी में रविवार को रविदासिया कौम के अमर शहीद 108 संत रामानंद जी महाराज के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में छबील लगाई गई। कालपी के श्री गुरु रविदास मंदिर कमेटी के तत्वावधान में सेवादारों ने कालपी बस स्टैंड पर आने-जाने वाले राहगीरों की सेवा की। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन के दौरान भीषण गर्मी में मुख्य मार्ग से गुजरने वाले मुसाफिरों और स्थानीय लोगों को मीठा व ठंडा पानी पिलाकर उनकी प्यास बुझाई गई।

लोक भलाई के रूप में मनाया दिवस

इस सेवा कार्य के दौरान श्री गुरु रविदास मंदिर कमेटी कालपी के प्रधान विजय कुमार, अंकुश कुमार, सुखबीर और रजत सहित अन्य गणमान्य साथियों ने सक्रिय योगदान दिया। उपस्थित सेवादारों और समाज के लोगों ने बताया कि शहीद संत रामानंद जी महाराज को ऑस्ट्रिया के वियना में कुछ समाज विरोधी तत्वों ने गोलियां मार दी थीं, जिसमें वे शहीद हो गए थे। उनकी इस शहादत को याद करते हुए दुनिया भर में 25 मई को उनका शहीदी दिवस लोक भलाई दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

राहगीरों की सेवा के लिए जुटे सेवादार

इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कालपी बस स्टैंड पर इस विशेष छबील का आयोजन किया गया, ताकि राहगीरों को इस तपन में राहत मिल सके। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और गांव के अन्य युवा सुबह से ही सेवा में जुट गए थे। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने संत रामानंद जी महाराज के दिखाए मार्ग और उनकी शिक्षाओं पर चलने का संकल्प दोहराया। छबील पर पानी पीने वाले राहगीरों ने भी इस पुनीत कार्य के लिए कमेटी की प्रशंसा की।