सोनीपत। हरियाणवी रागनी और लोक कला जगत के मशहूर कलाकार यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा के निधन के बाद उनके पैतृक गांव पतला में एक विशाल श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। गुरुवार को इस शोक सभा में हरियाणा की मशहूर डांसर और गायिका सपना चौधरी भी दिवंगत कलाकार को नमन करने पहुंचीं। पेप्सी शर्मा के घर कदम रखते ही वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
पत्नी को गले लगाकर रो पड़ीं सपना
दोपहर करीब एक बजे सपना चौधरी पेप्सी शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचीं और सबसे पहले उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। जैसे ही पेप्सी शर्मा की पत्नी रेनू की नजर सपना चौधरी पर पड़ी, वे अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं और सपना को गले लगाकर फूट-फूटकर रोने लगीं। इस भावुक पल में सपना चौधरी ने रेनू को संभाला, उनके सिर पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया और यह भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में वे पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ी हैं। इस दौरान परिवार का दुख देखकर सपना खुद भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं और करीब 30 मिनट तक उनके बीच रहीं।
जमीन पर बैठकर महिलाओं के बीच जाना हालचाल
एक बड़ी कलाकार होने के बावजूद सपना चौधरी ने सादगी की मिसाल पेश की। वे घर में मौजूद महिलाओं के बीच जमीन पर ही बैठ गईं और परिवार का हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने पेप्सी शर्मा की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और करीब दो मिनट तक हाथ जोड़कर स्तब्ध खड़ी रहीं। उन्होंने पेप्सी शर्मा की बुजुर्ग मां और भाइयों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। जब सपना वहां से रवाना हुईं, तो वे बेहद मायूस थीं और रोती हुई अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ीं।
परिवार को दिया दिल्ली आने का न्योता
सपना चौधरी ने पेप्सी शर्मा की पत्नी और बच्चों को ढांढस बंधाते हुए उन्हें अपने दिल्ली के नजफगढ़ स्थित आवास पर आने का न्योता भी दिया। परिजनों से बात करते हुए सपना ने कहा कि फिलहाल माहौल बहुत ज्यादा दुखद है और वे स्वयं भी इन दिनों एक कठिन और दुखद दौर से गुजर रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने पेप्सी शर्मा के परिवार को हर संभव मदद और सहयोग देने का वादा किया।
बोलीं- कभी नहीं सोचा था इतनी जल्दी छोड़ जाएंगे
परिजनों से बातचीत के दौरान पुराने दिनों को याद करते हुए सपना चौधरी काफी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “यह पूरे परिवार और कला जगत के लिए बेहद दुख की घड़ी है। मैंने पेप्सी शर्मा जी के साथ कई मंचीय कार्यक्रमों में एक साथ काम किया था। वे अपने एक बिल्कुल अलग और अनोखे अंदाज से लोगों को हंसाते थे और सबका मनोरंजन करते थे। उन्हें देखकर कभी ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि वे इतनी जल्दी हम सबको इस तरह अकेला छोड़कर चले जाएंगे।”
इस शोक सभा में केवल सपना ही नहीं, बल्कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों से जुड़े लोक कलाकारों, गायकों और भारी संख्या में शुभचिंतकों ने पतला गांव पहुंचकर दिवंगत कलाकार को अपनी श्रद्धांजलि दी।

