हरियाणा के जाट आरक्षण आंदोलन से जुड़े मामलों में घोषित अपराधी रहे धर्मेंद्र हुड्डा ने वीडियो जारी कर सपना चौधरी और अनु कादियान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पर पलटवार करते हुए मशहूर डांसर सपना चौधरी ने कहा है कि वह किसी से डरने वाली नहीं हैं और अपने सम्मान के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी।
चंडीगढ़। हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन से जुड़े मामलों में घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) रहे धर्मेंद्र हुड्डा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने हरियाणवी डांसर एवं अभिनेत्री सपना चौधरी, कलाकार अनु कादियान (एके जट्टी) समेत कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सपना चौधरी ने भी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह एक कलाकार हैं, समाज की सेवा करती हैं, किसी से डरने वाली नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगी।
धर्मेंद्र हुड्डा ने अपने वीडियो में दावा किया कि हरियाणा में डबल मीनिंग गानों, अश्लील कंटेंट और कथित फूहड़ता को बढ़ावा देने में कुछ कलाकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका रही है। उन्होंने सपना चौधरी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके लोकप्रिय होने के बाद हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हुई और सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट बढ़ा। उन्होंने सपना चौधरी के निजी जीवन और करियर को लेकर भी कई दावे किए।
वीडियो में धर्मेंद्र हुड्डा ने अनु कादियान (एके जट्टी) पर भी व्यक्तिगत आरोप लगाए। इसके अलावा उन्होंने सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के वैवाहिक जीवन का जिक्र करते हुए भी कई दावे किए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपना चौधरी से जुड़े करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले हैं।
धर्मेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्होंने पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी के प्रचार के खिलाफ अभियान चलाया था और अब हरियाणा में कथित अश्लील कंटेंट, अभद्र डांस और नशे के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही ऐसे अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कलाकारों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएंगे। वीडियो में उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मयूरी गहलोत का नाम लेते हुए भी टिप्पणी की।
वहीं, सपना चौधरी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह एक कलाकार हैं और मेहनत से काम करती हैं। उन्होंने कहा कि वह समाज की सेवा करती हैं, किसी से डरने वाली नहीं हैं और यदि जरूरत पड़ी तो अपने सम्मान की रक्षा के लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगी।

