प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में चलित भस्म आरती के लिए लगी प्रवेश कतार में एक संदिग्ध युवक मिलने पर हंगामा खड़ा हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवक की पहचान सरफराज शेख निवासी पुणे के रूप में हुई है जो एक हिंदू युवती के साथ वहां पहुंचा था।

यह भी पढ़ें: छिंद धाम पहुंची हर्षा रिछारिया, हनुमान दादाजी और राम दरबार के किए दर्शन, लव जिहाद पर कही ये बात 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक माथे पर त्रिपुंड, तिलक और गले में रुद्राक्ष की माला पहनकर भस्म आरती की लाइन में बैठा हुआ था। संदेह होने पर लोगों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। 

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि चलित भस्म आरती के लिए बनाई गई कतार में एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर थाने में पेश किया। पूछताछ में उसकी पहचान सरफराज निवासी पुणे के रूप में हुई। वह अपनी महिला मित्र के साथ उज्जैन आया था। उसकी महिला मित्र दर्शन करना चाहती थी, इसलिए वह उसके साथ कतार में मौजूद था। पुलिस के मुताबिक युवक मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाया था।

यह भी पढ़ें: सैलाना में गाय का कटा सिर और अवशेष मिलने पर बवाल, देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

फिलहाल महाकाल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m