अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के तकिया मोहल्ले में आपसी विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

तेज बाइक चलाने को लेकर हुआ विवाद

घायल युवक की पहचान 16 साल के साहिल कुमार पासवान पुत्र मोची पासवान के रूप में हुई है। वहीं, इस दौरान हुई मारपीट में सत्यम कुमार पुत्र रितेश पांडे का सिर फट गया। घटना के पीछे लड़कों में तेज बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद को वजह बताया जा रहा है, जिसको लेकर तनातनी हो गई। देखते ही देखते कहासनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालते हुए फायरिंग करनी शुरू कर दी।

युवक के जांघ में लगी गोली

फायरिंग के दौरान साहिल पासवान के जांघ में गोली लग गई है। गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस घटना के बाद तकिया मोहल्ले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने इस घटना के संबंध में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हुई पिस्तौल को भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया

घटना को लेकर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि, सासाराम थाने के अंतर्गत तकिया में बच्चों के विवाद में मारपीट के साथ चली गोली में दो युवक घायल हो गए। लाठी डंडे से घायल युवक का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है, जबकि गोली से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर किया। उन्होंने बताया कि, आपसी विवाद में एक हथियार की बरामदगी भी हो गई है और करीब 6 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

ये भी पढ़ें- रोहतास में डबल मर्डर से सनसनी, लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे महिला-पुरुष की गोली मारकर हत्या