अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम में कल रविवार की देर रात लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे महिला-पुरुष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डबल हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा की है, जहां बीती रात अज्ञात अपराधियों ने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार (45) तथा ननकी देवी (45) के रूप में हुई है। मणि भूषण कुमार अविवाहित और बेतिया का रहने वाला बताया जा रहा है।
डबल मर्डर से लोगों में भय का माहौल
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि देर रात हथियारबंद लोगों ने घर में घुसकर दोनों को गोली मार दी। घटना के समय मृतक महिला ननकी देवी और मणि भूषण कुमार छत पर सो रहे थे। गोली की आवाज सुनते ही घर और आसपास के लोग जुट गए। लोग जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की मणि भूषण और ननकी देवी खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। दोनों की मौत हो चुकी थी।
वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। ननकी देवी के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि उसने अपराधी को भागते देखा, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण वह उसे पहचान नहीं सका। घटना के बाद से जहां मृतक के बच्चे काफी डरे व सहमे हुए हैं। वहीं, इलाके के लोगों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
पति का 5 साल पहले हो गया था निधन
ननकी देवी और मणि भूषण कुमार बेदा मोड़ के पास बीज भंडार की दुकान चलाते थे। मिली जानकारी के अनुसार मृतक ननकी देवी की पहले भी शादी हो चुकी थी। उसके पहले पति कृष्णा बिंद की बीमारी के चलते 5 साल पहले ही निधन हो गया था। पति की मौत के बाद वह अपने देवर मणि भूषण कुमार के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगी थी।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर रोहतास के एसपी मिस्टर राज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजीश हो सकती है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- चलती बाइक पर इश्क का इजहार! पटना के जेपी गंगा पथ पर युवक-युवती का रोमांस वाला VIDEO वायरल



