अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में संदिग्ध स्थिति में जहर खाने से एक 20 वर्षीय विवाहित महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मुन्नी कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से इलाके में कोहराम मच गया है और मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मुन्नी कुमारी की शादी करीब डेढ़ साल पहले ही अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के ईसरा गांव निवासी मनीष कुमार साह के साथ हुई थी। घटना से ठीक एक दिन पहले ही पति मनीष कुमार अपनी पत्नी को सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमरा तालाब स्थित उसके मायके से बिदागरी कराकर अपने साथ ईसरा ले गया था। ससुराल पहुंचते ही अचानक महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
घटना को लेकर दो तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि महिला ने खुद जहर खा लिया था, वहीं दूसरी तरफ मृतका के मायके वालों ने उसके पति मनीष कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का दावा है कि पति ने ही साजिश के तहत मुन्नी को जबरन जहर खिलाया है, जिससे उसकी यह हालत हुई है।
अस्पताल में छोड़कर भागा पति
बताया जाता है कि तबीयत बिगड़ने के बाद पति मनीष कुमार ही मुन्नी को लेकर सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचा था। लेकिन जैसे ही महिला की हालत गंभीर हुई और उसकी मौत का अंदेशा हुआ, पति अस्पताल के अंदर ही उसे छोड़कर मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में ही मुन्नी कुमारी की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग भूमिगत हो गए, जिससे इस पूरी घटना पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, प्रताड़ना का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके अमरा तालाब से परिजन और तमाम ग्रामीण आक्रोशित होकर सदर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग आए दिन आभूषण और अन्य कीमती सामान की मांग को लेकर मुन्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी प्रताड़ना के तहत इस खौफनाक अंजाम को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, मायके वालों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है और फरार पति की तलाश तेज कर दी गई है।



