अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम के दरिगांव थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ी इलाके से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान सासाराम के नगर थाना क्षेत्र स्थित कोठा टोली मोहल्ला के रहने वाले राजेश कुमार श्रीवास्तव पुत्र लक्ष्मण श्रीवास्तव के रूप में हुई है।
मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजेश श्रीवास्तव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वे तीन-चार दिनों से घर से गायब थे। इस बीच आज सोमवार को अचानक सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि एक व्यक्ति का शव पहाड़ी इलाके में मिला है। बाद में इसकी पहचान राजेश कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पहले भी दो चार बार हो चुके थे गायब
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पहले भी राजेश तीन-चार दिनो के लिए गायब हो जाया करते था। वह कोठा टोली मोहल्ला के रहने वाले थे। लोगों ने बताया कि पहले जब वह गायब होते थे, तो दो-तीन दिनो में वापस आ जाते थे। लेकिन इस बार उनकी मौत की खबर मिली है।
मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दरिगांव थाना की पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई? इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के मौत की असली वजह का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा हादसा: बारातियों से भरी बस पलटी, एक की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल


