अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम से एक हैरान कर देने वाली और स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाली खबर सामने आई है। दरअसल शहर के सबसे बड़े सदर अस्पताल सासाराम परिसर में एक महीने पहले ही शुरू हुए मॉडल हॉस्पिटल की सेलिंग अभी से ही टूटकर गिरने लगी है।
टूटकर गिरी सेलिंग, बाल-बाल बचे लोग
दरअसल आज शुक्रवार को अस्पताल के प्रथम तल पर स्थित वार्ड में अचानक छत की सेलिंग टूटकर नीचे गिर गई। जिस समय सेलिंग टूटकर नीचे गिरी, उस समय वार्ड में कई मरीज मौजूद थे। हालांकि गनीमत की बात यह रही कि इस हादसे के दौरान किसी भी मरीज या उनके परिवार को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सभी लोग बाल-बाल बच गए।
स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल
हालांकि इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस मॉडल अस्पताल को बने अभी एक महीने ही हुए हैं। अभी ठिक से तरीके से यहां पर काम भी शुरू नहीं हुआ है, उसके छत की सेलिंग कैसे गिरने लगी? यह घटना बिहार के स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने के साथ ही भ्रष्टाचार को भी दर्शा रहा है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की अस्पताल प्रशासन इस मुद्दे पर क्या कुछ कार्रवाई करता है?
मोबाइल की रोशनी में मरीज का इलाज
आपको बता दें कि सासाराम मॉडल अस्पताल से लापरवाही का यह कोई पहला मामला सामने नहीं आया है। इससे पहले 7 अगस्त को भी अस्पताल से बड़ी लापरवाही सामने आई थी, जहां बिजली गुल हो जाने पर मरीजों का इलाज मोबाइल की रोशनी में करने का मामला सामने आया था। दरअसल अस्पताल में बार-बार पावर कट और तकनीकी खराबी आने के कराण निर्बाध बिजली की आपूर्ती में परेशानी हो रही थी। इस बीच डॉक्टरों ने मोबाइल की रोशनी में ही मरीजों का इलाज करना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें- नशा मुक्त कोसी अभियान: सहरसा, सुपौल और मधेपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1638 तस्कर गिरफ्तार


