प्रमोद कुमार/भभुआ/कैमूर। सासाराम लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोज कुमार ने आज कैमूर जिले के भभुआ स्थित सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

​जांच सुविधाओं पर जोर: अब ब्लॉक स्तर पर होगा अल्ट्रासाउंड

​सांसद ने समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट रूप से कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण गरीब मरीजों को निजी क्लिनिकों में जाकर मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि न केवल सदर अस्पताल, बल्कि जिले के सभी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए उन्होंने विभाग को तुरंत पत्राचार शुरू करने का आदेश दिया।

​महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान

​बैठक में सांसद ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों और महिलाओं की माहवारी स्वच्छता पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों में सैनिटरी पैड की उपलब्धता और वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समुदाय स्तर पर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

​लापरवाही पर सख्त रुख: ‘मरीजों को न हो परेशानी’

​सांसद मनोज कुमार ने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण आम जनता को ओपीडी और आपातकालीन समय में उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सिविल सर्जन से कहा कि मरीजों को बाहर से जांच कराने की मजबूरी खत्म होनी चाहिए और अस्पताल परिसर में ही समय पर इलाज मिलना चाहिए।
​इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), अस्पताल प्रबंधक और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।