अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सावन के पवित्र माह की अंतिम और चौथी सोमवारी आज है। इस अवसर पर राज्य के सभी शिवालयों और मंदिरों में सुबह से ही से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भक्त लगातार पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर सासाराम के पायलट बाबा आश्रम स्थित सोमनाथ मंदिर में अघोरेश्वर महादेव के शिवलिंग की विशेष पूजा-अर्चना हो रही है।
साल में सिर्फ दो बार खुलता है शिवलिंग का पट
खास बात यह है कि इस अद्भुत शिवलिंग का पट साल में सिर्फ दो ही बार खुलता है। सावन के महीने में और महाशिवरात्रि के दिन ही अघोरेश्वर महादेव के शिवलिंग की पूजा होती है। इसके बाद पूरे एक साल तक यहां पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक बंद कर दिया जाता है।
कहते हैं कि यहां भगवान भोलेनाथ अघोर के रूप में अवस्थित है और अघोर की पूजा की काफी गुप्त विधि है। ऐसे में सभी लोग अघोरेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना नहीं करते हैं। यह भगवान भोलेनाथ की अद्भुत रूप है, जिसकी पूजा-अर्चना आसानी से नहीं की जाती है।
गुप्ता धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का कार्यक्रम टला
अंतिम सोमवारी के दिन चेनारी के कैमूर पहाड़ी पर स्थित गुप्ता धाम में पर्यटन विभाग की ओर से श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा किया जाना था, जिसे फिलहाल रोक दिया गया है। अचानक मौसम खराब हो जाने के कारण हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के कार्यक्रम को रोका गया है। बता दें कि आज सुबह गुप्ता धाम शिवालय के ऊपर तथा पनियारी घाट कांवरिया पथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जानी थी।
लेकिन अचानक मौसम खराब हो जाने की वजह से इसे टाल दिया गया है। डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि, अचानक क्षेत्र में बारिश होने लगी एवं विजिबिलिटी काफी कम है, जिस कारण हेलीकॉप्टर उड़ाना संभव नहीं हुआ और पुष्प वर्षा कार्यक्रम को फिलहाल रोक दिया गया है।
खराब मौसम ने तैयारियों पर फेरा पानी
बता दें कि आज सावन की अंतिम सोमवारी को कांवरिया पथ पर तथा गुप्ता धाम गुफा के ऊपर पर्यटन विभाग द्वारा पुष्प वर्षा किया जाना था। जिसकी तमाम तैयारी पूरी कर ली गई थी। सुबह-सुबह जिलाधिकारी तथा आरक्षी अधीक्षक मिस्टर राज एवं चेनारी के विधायक मुरारी प्रसाद गौतमभी मौके पर पहुंच गए थे। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से यह संभव नहीं हो पाया। जिस कारण लोगों को काफी निराशा हुई।
ये भी पढ़ें- जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग के नाम पर बवाल, बेल्ट से पिटाई में दर्जनभर जूनियर छात्र घायल

