अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आरा-मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोचस के पास एक अनियंत्रित मवेशी लदे ट्रक ने दूध बेचने वाले एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कोचस थाना क्षेत्र के हरनाथपुर गांव निवासी अंकित कुमार उर्फ पंकज के रूप में हुई है।
घटना का विवरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंकित अपनी बाइक से दूध बेचने के लिए निकला था। जैसे ही वह कोचस के समीप पहुंचा तभी मवेशियों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंकित अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। इससे पहले ही उसके पिता का निधन हो चुका है। घर की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी अंकित के कंधों पर ही थी। उसकी असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है और उनके सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घंटों बाधित रहा यातायात
हादसे के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-मोहनिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात डीएसपी अमरकांत समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर कई घंटों बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

