अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम सदर अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब अस्पताल में प्रसव के लिए आई गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व उनके समर्थकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित परिजनों को देखते ही डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
अस्पताल में मौजूद नहीं थे डॉक्टर
मिली जानकारी के अनुसार चेनारी निवासी आशा देवी को उनके परिजन प्रसव के लिए सासाराम सदर अस्पातल लेकर पहुंचे थे, जहां उन्हें अस्पताल के मातृ शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालांकि प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि देर रात अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में दो-तीन नर्सों ने ही आपस में मिलकर प्रसव करवा रही थीं। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
अस्पताल छोड़कर फरार हुए डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी
जच्चा-बच्चा के मौत की खबर सुनते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। उन्होंने अस्पताल परिसर में ही हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजनों का आक्रोश देख डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। मृतक गर्भवती महिला का मायका करगहर थाना क्षेत्र के कुसही गांव था, वहां से भी बहुत लोग अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने की लोगों को समझाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के कई अधिकार पहुंचे और लोगों को समझाते हुए मामले के शांत कराने की कोशिश की। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजन किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। वे लापरावह डॉक्टर और नर्सों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की मांग करते नजर आए। वहीं, इस संबंध में अधिकारी अभी कुछ भी कहने से बचते हुए नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी: शराब तस्करी का विरोध करना पड़ा भारी, बड़े भाई ने छोटे भाई की गला रेतकर की हत्या


