सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले से एक बड़ी ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शराब तस्करी का विरोध करने पर एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के तेलिया पट्टी वार्ड संख्या-19 की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब तस्करी में संलिप्त था बड़ा भाई
मृतक युवक की पहचान स्वर्गीय काली प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अनुराग का बड़ा भाई गुरूर कथित तौर पर शराब तस्करी में शामिल था। अनुराग इस अवैध धंधे का लगातार विरोध करता था, जिसके कारण दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद दोनों भाई एक साथ रह रहे थे। जब बड़े भाई ने शराब तस्करी का काम शुरू किया, तो अनुराग ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उनके बीच तनाव बढ़ता गया। शनिवार देर रात शराब तस्करी को लेकर दोनों भाइयों में फिर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि बड़े भाई ने गुस्से में धारदार हथियार से अनुराग का गला रेत दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पड़ोसियों ने देखा खून से सना शव
आज रविवार की सुबह परिजनों और पड़ोसियों ने अनुराग का खून से सना शव देखा, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। तत्काल नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और छानबीन में जुट गई।
पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को किया गिरफ्तार
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि उन्हें भाई-भाई के बीच विवाद में हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें- खुलासा: शंभू सहनी हत्याकांड में नामजद दो आरोपी गिरफ्तार, सामने आई हत्या की वजह


