उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र के कोठियां स्थित एनटीपीसी के लैगून वन प्रतिबंधित इलाके में बीते दिनों बुधवार को कोठियां गांव के निवासी शंभू सहनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पत्नी के आवेदन पर 3 लोगों के खिलाफ कांटी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल की एफएसएल जांच भी कराई थी।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांन्तेश कुमार मिश्रा के निर्देशन व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण एवं एसडीपीओ पश्चमी 1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसडीपीओ पश्चमी 1 सुचित्रा कुमारी ने कांटी थाने पर आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत रूप से जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हत्याकांड का अभियुक्त राजा कुमार व पप्पू चौरसिया दोनों कांटी थाना क्षेत्र के निवासी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
नशा करने और पैसे के विवाद में हुई थी हत्या
सुचित्रा कुमारी ने कहा कि, प्रारंभिक एवं अन्य तकनीकी जांच एवं गिरफ्तार अभियुक्त के स्वीकारोक्ति बयान में यह मामला सामने आया कि मृतक एवं अभियुक्तों के बीच नशा करने व पैसा के लेनदेन के कारण विवाद हुआ था। इसी को लेकर अभियुक्तों ने शंभू सहनी को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस बात का जिक्र मृतक की पत्नी ने भी अपने लिखित शिकायत में की थी। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- पटना में सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी को लगी गोली, SI भी घायल


