अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली विवाद को लेकर गोतिया (रिश्तेदारों) ने मिलकर एक महिला की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान नौहट्टा निवासी सविता देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस वक्त हुई जब सविता देवी शाम के धुंधलके में अपने खेत से भिंडी तोड़ रही थी। इसी दौरान उसके गोतिया पाटीदार वहां पहुंच गए और भिंडी तोड़ने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पाटीदारों ने लाठी-डंडों से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त अंधेरा होने के कारण आसपास के लोगों को यह आभास हुआ कि शायद खेत में किसी सांप को लाठी से मारा जा रहा है। लोगों को दूर से यह अंदेशा तक नहीं हुआ कि लाठी-डंडे किसी महिला की जान लेने के लिए चलाए जा रहे थे। जब तक ग्रामीण वास्तविकता समझ पाते, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
हत्या के पीछे की वजह
यद्यपि प्रत्यक्ष रूप से भिंडी तोड़ने को इस वीभत्स घटना का कारण बताया जा रहा है लेकिन स्थानीय लोगों और चर्चाओं के अनुसार इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश एक बड़ा कारण हो सकती है। आरोप है कि पाटीदारों के आठ लोगों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और पुरानी रंजिश समेत तमाम बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि घटना के बाद से ही सभी आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
फिलहाल इस जघन्य वारदात ने पूरे नौहट्टा क्षेत्र को दहला कर रख दिया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

