केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सतीश गोयल को बोर्ड ऑफ ट्रेड में गैर-सरकारी सदस्य मनोनीत किया है। वे चावल उद्योग से जुड़े प्रमुख कारोबारी और समाजसेवी हैं।

करनाल। हरियाणा के घरौंडा से जुड़े समाजसेवी एवं चावल उद्योग के प्रमुख कारोबारी सतीश गोयल को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत गठित बोर्ड ऑफ ट्रेड (Board of Trade) में उन्हें गैर सरकारी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। खास बात यह है कि सतीश गोयल हाल ही में घरौंडा में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में अपनी सक्रिय भूमिका को लेकर भी चर्चा में रहे थे, जिसके बाद अब उनकी इस नियुक्ति को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग, विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) नई दिल्ली द्वारा जारी अधिसूचना के तहत व्यापार विकास एवं संवर्धन परिषद का विलय कर बोर्ड ऑफ ट्रेड (बीओटी) का गठन किया गया है। इसके साथ ही सरकार ने बोर्ड में आधिकारिक सदस्यों के अलावा 40 गैर-आधिकारिक सदस्यों को भी मनोनीत किया है। जारी सूची में घरौंडा के समाजसेवी एवं अखिल भारतीय चावल निर्यातक संघ (AIREA) के अध्यक्ष सतीश गोयल का नाम प्रमुखता से शामिल है।

सतीश गोयल लंबे समय से चावल उद्योग से जुड़े हुए हैं और व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। हाल ही में हलका घरौंडा में सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के आयोजन में उनकी अहम भूमिका रही थी, जिसे लेकर वे क्षेत्र में काफी चर्चा में रहे। अब केंद्र सरकार में मिली इस जिम्मेदारी के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

उधर, नियुक्ति की सूचना मिलते ही सतीश गोयल को बधाई देने वालों का तांता लग गया। व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे घरौंडा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस नियुक्ति को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।