लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं. उन्नाव में शनिवार को आयोजित एक शैक्षिक संगोष्ठी के दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच उनके गाड़ी की ओर जाने का वीडियो सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं. इस बीच स्पीकर ने वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी है.
सतीश महाना ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा ‘सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है. किसी भी प्रकार का भ्रम न फैले, इस उद्देश्य से मैं यह संदेश आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं. कल उन्नाव में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के दौरान, संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के भीतर राष्ट्रगान प्रारंभ हुआ, जहां हमारी उपस्थिति नहीं थी. ये दोनों कार्यक्रम पूर्णतः अलग थे.’
इसे भी पढ़ें : दूसरों से देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली भाजपा अपने नेता सतीश महाना की हरकत पर मौन क्यों? – राजेंद्र पाल गौतम
महाना ने आगे कहा कि ‘परंतु सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय हम रुके नहीं. मैं यह पूर्णतः स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ. उत्तर प्रदेश विधान सभा से लेकर अपने विधान सभा क्षेत्र तक, प्रत्येक अवसर व स्थान पर हमने, हमारे कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने सदैव संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे. मेरा मीडिया के सभी सम्मानित साथियों और पत्रकार बंधुओं से भी आग्रह है कि कृपया तथ्यों की सत्यता की जांच करने के उपरांत ही विषय पर चर्चा करें.’

