अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां एसी और कूलर के गोदाम में चोरी की नीयत से घुसे चोरों में से एक को इतनी गहरी नींद आ गई कि वह वारदात के दौरान ही गोदाम के फर्श पर सो गया। सुबह जब गोदाम खुला तो संचालक ने उसे अंदर सोता हुआ देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। बाद में आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया। गोदाम संचालक बिहारी मगनानी ने बताया कि चोर छत में रखे एसी के आउटडोर सहित तीन लाख रुपए कीमत का सामान चुरा ले गए। बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान एक आरोपी को नींद आ गई। वह गोदाम के भीतर ही फर्श पर लेट गया और गहरी नींद में सो गया। इस बीच उसके अन्य साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: चोरी के बाद बढ़ा लालच, लड्डू गोपाल को बैग में रखा और फिर जो हुआ…

सुबह जब गोदाम संचालक रोजाना की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक अज्ञात युवक को सोता देखकर हैरान रह गए। संचालक ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उसके चोरी की वारदात में शामिल होने की पुष्टि होने की बात सामने आ रही है।

ये भी पढ़ें: भिंड की गोहद उप जेल से कैदी फरार: निर्माण कार्य में लगी सीढ़ी से दीवार फांदकर भागा, रेप केस में था बंद

पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी हुए सामान की सूची तैयार कर उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे शहर में हो रही है, जहां चोरी करने आया आरोपी अपनी ही लापरवाही के कारण पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m