कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। कहते हैं कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कभी-कभी उसकी एक गलती ही उसे सलाखों तक पहुंचा देती है। ग्वालियर में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों के बीच धार्मिक आस्था और संयोग दोनों की चर्चा छेड़ दी है। एक चोर घर में घुसा, नकदी और जेवर समेटे, यहां तक कि मंदिर में विराजमान लड्डू गोपाल को भी बैग में रख लिया। लेकिन घर से निकलने से पहले उसका लालच बढ़ा और वह अलमारी खंगालने पहुंच गया। इसके बाद जो हुआ, उसे कुछ लोग महज संयोग मान रहे हैं तो कुछ लड्डू गोपाल की कृपा।

दरअसल, ग्वालियर के हुरावली इलाके में रहने वाले वकील सिंह यादव के घर देर रात एक शातिर चोर चोरी की नीयत से मकान में घुसा। आरोपी ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद उसने दोनों लॉकर तोड़कर नकदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी अपने कब्जे में ले ली। लेकिन चोरी यहीं नहीं रुकी। आरोपी की नजर घर के मंदिर पर भी पड़ी और उसने वहां विराजित लड्डू गोपाल की मूर्ति को भी अपने बैग में रख लिया।

ये भी पढ़ें: ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने वाले सावधान! घड़ी की जगह निकले पत्थर के टुकड़े, पैकिंग खोलते ही उड़े होश

फर्श पर पड़ा था चोर

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकल सकता था, लेकिन लालच ने उसे रोक लिया। उसकी नजर अलमारी पर पड़ी और वह स्टूल पर चढ़कर उसे खंगालने लगा। तभी अचानक संतुलन बिगड़ा, स्टूल पलट गया और चोर जोरदार आवाज के साथ नीचे जा गिरा। रात के सन्नाटे में इस आवाज ने घर मालिक की नींद को खोल दिया। जब घर के लोग नीचे पहुंचे तो सामने एक ऐसा चोर था, जो भागने के बजाय खुद ही फर्श पर लाचारा गिरा पड़ा था।

लड्डू गोपाल की कृपा या महज संयोग?

यही वजह है कि शहर में लोगों के बीच अब इस घटना की अलग-अलग तरह से चर्चा हो रही है कि जिस लड्डू गोपाल को चोर अपने साथ ले जाना चाहता था, वह घर से बाहर ही नहीं निकल पाया। कई लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे अपराधी की जल्दबाजी और लालच का नतीजा बता रहे हैं। हालांकि पुलिस की नजर में यह एक आपराधिक वारदात है, जिसका खुलासा मौके पर ही हो गया।

ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में खौफनाक वारदात: खेत में सो रही बुजुर्ग महिला पर ईंट से जानलेवा हमला, जेवर लूटकर भागे बदमाश

चोरी के 25 मामले है दर्ज

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान आशीष जाटव उर्फ मोटा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ ग्वालियर के अलावा दिल्ली, भोपाल, इंदौर और मुरैना में भी चोरी के करीब 25 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। बहरहाल इसे लड्डू गोपाल का चमत्कार मानें या चोर के कर्मों का दंड, लेकिन एक बात साफ है कि जिस चोरी को अंजाम देकर आरोपी चुपचाप निकल जाना चाहता था, उसी वारदात के दौरान लालच में हुई एक छोटी सी चूक ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m