दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के तालनगरी गांव में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात लूट और जानलेवा हमले की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। खेत में बनी अस्थायी टपरिया (झोपड़ी) में अकेली सो रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाशों ने सिर पर ईंट मारकर हमला कर दिया और उनके चांदी के कड़े व अन्य जेवर लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
खून से लथपथ मिली बुजुर्ग
घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। जब बुजुर्ग का बेटा छोटेलाल खेत पर पहुंचा। उसने अपनी मां को खटिया से करीब 10 फीट दूर जमीन पर बेहोश और खून से लथपथ पाया। बुजुर्ग के पोते गोविंद कीर ने बताया कि उनकी मां के हाथों से चांदी के कड़े और अन्य जेवर गायब थे। खटिया के पास मिली ईंट और खून के निशानों से आशंका है कि सोते समय सिर पर वार किए जाने के बाद बुजुर्ग जान बचाने के लिए भागी होंगी और आगे जाकर गिर गईं।
ये भी पढ़ें: बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या: सिर-हाथ और पैरों पर हमले के मिले कई निशान, जानें खूनी वारदात की वजह
सूनेपन का उठाया फायदा
परिजनों के मुताबिक, खेत पर नए मकान का निर्माण चल रहा है, जिसकी देखरेख के लिए बुजुर्ग महिला और उनका बेटा खेत की टपरिया में रहते थे। रविवार रात बेटा किसी काम से गांव वाले मुख्य मकान में रुक गया था। बदमाशों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाकर बुजुर्ग को निशाना बनाया।
ये भी पढ़ें: एकतरफा प्यार, सनकीपन और… सोते समय किशोरी के साथ किया खौफनाक कांड, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार
संदिग्धों से पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद ली जा रही है। थाना प्रभारी सौरभ ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

