कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। अगर आप भी ऑनलाइन सामान ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। सोचिए आपने महंगी घड़ी मंगाई हो, घर पर पैकेट पहुंचे और उसे खोलते ही अंदर से पत्थर और प्लास्टिक के टुकड़े निकलें, तो आप का हाल क्या होगा। ग्वालियर में ऐसा ही एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जहां लाखों रुपए के ऑनलाइन ऑर्डर रास्ते में ही बदल दिए गए। आरोप है कि महंगी घड़ियां और लाइट गायब कर उनकी जगह पत्थर भरकर ग्राहकों तक डिलीवरी कर दी गई। अब पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल, ग्वालियर के जनकगंज इलाके में रहने वाले कारोबारी भूपेंद्र कुशवाह ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए चाइना मॉडल लाइट, घड़ियां और अन्य सामान देशभर में सप्लाई करते हैं। अक्टूबर 2025 में भी उन्होंने कई ऑर्डरों की पैकिंग कर सामान डिस्पैच किया। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ दिनों बाद एक-एक कर ग्राहकों की शिकायतें आने लगीं। ग्राहकों ने जब पैकेट खोले तो उनके होश उड़ गए। जिन बॉक्सों में महंगी घड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक लाइट होनी चाहिए थीं, उनमें सिर्फ प्लास्टिक के टुकड़े और पत्थर भरे हुए थे।
ये भी पढ़ें: Online Loan दिलाने का झांसा देकर युवक से ठगी, मैनेजर बताकर जालसाज ने ऐंठे लाखों रुपए
रास्ते में पैकेटों के साथ छेड़छाड़
ग्राहकों ने ऑर्डर लौटाना शुरू कर दिया। कई ऑर्डर कैंसिल हो गए। शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि आखिर माल गायब कहां हुआ। जांच आगे बढ़ी तो शक डिलीवरी चेन पर गया। पुलिस में की गई शिकायत के आधार पर रास्ते में ही पैकेटों के साथ छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि गगन शाक्य और आशु ठाकुर ने पैकेट खोलकर असली सामान निकाल लिया और उसकी जगह वजन बराबर रखने के लिए पत्थर और प्लास्टिक के टुकड़े भर दिए। इसके बाद उन्हीं पैकेटों को ग्राहकों तक पहुंचा दिया गया, ताकि किसी को तुरंत शक न हो।
ये भी पढ़ें: भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी पर भड़की NSUI: व्यापमं चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन, कर्मचारी चयन मंडल के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
इस फर्जीवाड़े का नुकसान सिर्फ सामान तक सीमित नहीं रहा। शिकायतकर्ता भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ। ग्राहकों का भरोसा टूटा और जिन तीन जीएसटी फर्मों के जरिए कारोबार चल रहा था, उनका काम भी लगभग बंद हो गया। जिससे आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। फिलहाल जनकगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि क्या इस पूरे नेटवर्क में और लोग भी शामिल हैं।

