इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश जबलपुर में ऑनलाइन लोन की तलाश करना एक युवक को बेहद भारी पड़ गया। जालसाजों ने युवक को अपने जाल में फंसाकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर करीब सवा लाख रूपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। खुद को ठगा जानकर पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें : भाजपा नेत्री संगीता रजक की मौत मामले में बड़ा खुलासाः हड़बड़ाहट में अपनी ही रिवॉल्वर से चली थी गोली
बैंक मैनेजर बनकर किया फोन
जानकारी के मुताबिक घमापुर की दुर्गा कॉलोनी निवासी साहिल विश्वकर्मा ऑनलाइन लोन की तलाश कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात जालसाज ने उससे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित बैंक का मैनेजर बताते हुए साहिल को बेहद आसान किस्तों और कम ब्याज दर पर लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया।
प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ट्रांसफर कराई रकम
फर्जी बैंक मैनेजर की बातों में आकर पीड़ित साहिल झांसे में आ गया। इसके बाद शातिर ठग ने लोन पास कराने की कागजी कार्रवाई और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर कई किश्तों में कुल 1 लाख 25 हजार रूपए ट्रांसफर करवा लिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद जब लोन की राशि नहीं मिली और आरोपी का नंबर बंद आने लगा तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
ये भी पढ़ें : एयरफोर्स जवान के घर फायरिंग: इंस्टाग्राम लाइव में खुली चुनौती,आरोपी बोला- ‘ट्रैक करे पुलिस, इस बार खाकी पर होगी फायरिंग’
घमापुर थाने में मामला दर्ज
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित साहिल विश्वकर्मा ने तुरंत घमापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबर को ट्रैक कर रही है। जिससे आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

