कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, भाजपा नेत्री की मौत किसी हमले में नहीं, बल्कि हड़बड़ाहट के कारण अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर का ट्रिगर दबने की वजह से हुई है।

बाहर शोर सुनकर हथियार लेकर निकली थीं

पुलिस जांच और चश्मदीदों के अनुसार, घटना के वक्त न्यू शोभापुर इलाके में उनके घर के बाहर अचानक कुछ विवाद और भारी शोर-शराबा हो रहा था। बाहर हो रहे हंगामे की आवाज सुनकर भाजपा नेत्री संगीता रजक सुरक्षा के लिहाज से अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर घर से बाहर निकली थीं।

पेट में लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम

बताया जा रहा है कि बाहर के माहौल को देखकर वह अचानक हड़बड़ा गईं और इसी आपाधापी में उनकी ही उंगली से रिवॉल्वर का ट्रिगर दब गया। ट्रिगर दबते ही गोली सीधे उनके पेट में जा धंसी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें लहूलुहान हालत में तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। भाजपा नेत्री के असमय निधन से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

घर पर पहले भी हो चुका है बम से हमला

इस पूरे मामले को पुलिस बेहद संवेदनशीलता से देख रही है, क्योंकि मृतका के घर को पहले भी निशाना बनाया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेत्री के घर पर पूर्व में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बम से हमला किया गया था। यही वजह थी कि घर के बाहर शोर सुनते ही वह अपनी सुरक्षा के लिए हथियार लेकर बाहर आई थीं।

रांझी पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। रांझी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश गोली चलने (एक्सीडेंटल फायरिंग) का लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है और हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m