अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना मेंएयरफोर्स ऑफिसर के घूरडांग स्थित घर पर फायरिंग और बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी अमित सोनी उर्फ बंटा अब सोशल मीडिया पर खुली चुनौती देता नजर आ रहा है। घटना के तीसरे दिन आरोपी ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव आकर पुलिस और कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए कथित तौर पर कहा कि “पुलिस मुझे ट्रैक करके दिखाए, इस बार पूरी तैयारी है, फायरिंग खाकी के ऊपर ही होगी।”
READ MORE: VIP इलाके में जानलेवा स्टंटबाजी! जज-IAS-IPS के बंगलों के सामने उड़ाई ट्रैफिक नियमों की धज्जियां, युवक ने एक पहिए पर दौड़ाई बाइक
आरोपी की इस धमकी भरे लाइव वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में शुक्रवार की शाम अहमदाबाद में पदस्थ एक एयरफोर्स जवान रामदास सिंह के घर पर बदमाशों ने पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग की थी। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हर्ष और उसके दोस्तों पर फायरिंग की थी। घटना को अंजाम देने में अमित सोनी के साथ अंकित सिंह और युवराज सिंह नामक युवक सहित कुल पांच लोग शामिल थे। कोलगवां पुलिस ने अंकित और युवराज को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अमित सहित दो अन्य फरार हैं। फरार आरोपी द्वारा इंस्टाग्राम लाइव पर आकर दी गई धमकी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। लाइव वीडियो में आरोपी अपने साथियों से बातचीत करते हुए न केवल गिरफ्तारी से बचने का दावा करता दिखाई दिया, बल्कि पुलिस पर हमला करने जैसी बातें भी करता नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
READ MORE: उज्जैन से लापता सुल्तान मामले का खौफनाक अंत: इंदौर के यशवंत सागर बांध के पास मिला कंकाल, कपड़े से हुई शिनाख्त
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उधर शहर में चर्चा है कि सोशल मीडिया पर खुलेआम चुनौती देने वाला आरोपी आखिर कब तक कानून से बच पाएगा। फिलहाल पुलिस के लिए उसकी गिरफ्तारी प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुकी है। यहां उल्लेखनीय है कि अपराधी पुलिस पर हमले की तैयारी में है वहीं उसके लाइव दोस्त भी उसका समर्थन करते सुनाई दे रहे हैं।

