प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर से पिछले 10 दिनों से लापता युवक सुल्तान का मामला सनसनीखेज मोड़ पर आकर खत्म हुआ है। गुमशुदा सुल्तान का कंकाल इंदौर के यशवंत सागर बांध के पास बरामद किया है। कंकाल मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बड़नगर थाना प्रभारी के अनुसार सुल्तान अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था । परिजनों ने हर संभावित जगह पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस तलाश में जुटी थी इसी बीच इंदौर के यशवंत सागर क्षेत्र से एक मानव कंकाल मिलने की खबर आई। घटनास्थल इंदौर के हातोद गांव में कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शव की शिनाख्त लापता सुल्तान के रूप में की गई।
हत्या की आशंका और ज्यादा गहरी
इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि सुल्तान के लापता होने के बाद से ही उसके सगे भाई पर गंभीर आरोप लग रहे थे। स्थानीय सूत्रों और पारिवारिक विवादों के मद्देनजर भाई की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही थी। कंकाल मिलने के बाद अब हत्या की आशंका और ज्यादा गहरी हो गई है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
पत्नी फरजाना ने गुमशुदगी की दी थी सूचना
बड़नगर थाना प्रभारी का कहना है कि सुल्तान 28 मई की रात्रि से लापता है पत्नी फरजाना ने 29 मई को थाना बड़नगर में गुमशुदगी की सूचना दी थी। भाई पर हत्या के आरोप लग रहे थे परंतु आरंभिक जांच में कोई साक्ष्य नहीं मिला। अब फिर से जांच की जा रही है। पुलिस ने कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि सुल्तान की हत्या कब और किस तरह की गई थी।

