अनमोल मिश्रा, सतना। सतना और चित्रकूट क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ का कहर अब प्रमुख आवागमन मार्गों पर भी दिखने लगा है। सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर पिंड्रा के पास बाढ़ के तेज बहाव के कारण लगभग 300 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गई है। इस तबाही में सड़क के साथ-साथ आसपास बने यात्री प्रतीक्षालय, दुकानों, मकानों और खड़े वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

ये भी पढ़ें: मेगा प्रोजेक्ट की पुलिया बनी बैरिहा की मुसीबत: जलभराव से ग्रामीण बेहाल, जान जोखिम में डालकर तलाब में तब्दील हुई सड़क को पार कर रहे ग्रामीण

भारी वाहनों पर रोक, बीच रास्ते बदलनी पड़ रही बसें

सड़क की बदहाल स्थिति और पानी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पिंड्रा के पास भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। मार्ग बाधित होने से सतना और चित्रकूट के बीच चलने वाली यात्री बसों का सीधा संचालन ठप हो गया है।

ये भी पढ़ें: थाने की फर्जी सील लगाकर 500 में बांट रहा था ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट’: संचालक गिरफ्तार, लैपटॉप से मिले फर्जी प्रमाण पत्र!

सामान उठाकर पैदल चलने को मजबूर यात्री

मार्ग टूटने के कारण बसों को बीच में ही रोका जा रहा है। सतना की ओर से आने वाली बसों को पिंड्रा पेट्रोल पंप के पास और चित्रकूट की तरफ से आने वाली बसों को पिंड्रा स्मारक के पास रोक दिया जाता है। इसके बाद यात्रियों को अपना भारी-भरकम सामान लेकर पैदल चलकर सड़क के दूसरी तरफ खड़ी बसों में सवार होना पड़ रहा है। अचानक बदली इस व्यवस्था से यात्रियों को खासी दिक्कतों, लंबे इंतजार और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासनिक टीम मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m