अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में कॉलेज छात्रा को अनुचित संबंध बनाने के लिए लंबे समय से प्रताड़ित करने और विरोध करने पर उसकी सहेलियों से पिटाई कराने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोलगवां थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी 19 वर्षीय छात्र श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: AIIMS के बाहर से 19 वर्षीय छात्रा लापता: मां से बहस के बाद टहलने निकली थी, 4 दिन बाद भी सुराग नहीं; FIR दर्ज

10 महीने से बना रहा था दबाव, मना करने पर रची साजिश

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी श्रवण पिछले करीब 10 महीनों से पीड़िता पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। जब छात्रा ने साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड के जरिए उस पर दबाव बनवाया। इसके बाद भी बात न बनने पर गर्लफ्रेंड और उसकी सहेलियों के जरिए छात्रा को कोलगवां क्षेत्र के ‘नगर वन’ के सुनसान इलाके में बुलवाया गया।

नगर वन में नकाबपोश लड़कियों ने की बेदम पिटाई, वीडियो किया वायरल

सुनसान जगह पर पहले से मौजूद चार लड़कियों ने पीड़िता को घेरकर बेरहमी से पीटा और इस पूरी हैवानियत का वीडियो बना लिया। बाद में दबंगई दिखाने के लिए यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर चारों आरोपी लड़कियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई हैं। पुलिस ने सभी के मोबाइल जब्त कर लिए हैं।

ये भी पढ़ें: संबंध बनाने से इनकार पर छात्रा की पिटाई, 4 लड़कियों ने सुनसान जगह ले जाकर पीटा; वीडियो कॉल पर लड़के से माफी मंगवाई

‘जीसी ग्रुप’ से शुरू हुआ था विवाद, एकेएस यूनिवर्सिटी का है आरोपी

मामले की तह में जाने पर ‘जीसी ग्रुप’ नाम के एक इंस्टाग्राम ग्रुप का सच सामने आया है। शहर के अलग-अलग कॉलेजों VITS इंजीनियरिंग, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज और AKS यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राएं इस ग्रुप से जुड़े थे। इसी ग्रुप के जरिए पीड़िता का संपर्क आरोपी श्रवण से हुआ था। जब श्रवण अश्लील और पर्सनल मैसेज भेजने लगा तो छात्रा ने विरोध किया, जिसके बाद यह पूरी खौफनाक साजिश रची गई। घटना के बाद इस ग्रुप को डिलीट कर दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m