अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बगिया मोड़ पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से एक युवक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 5 वर्षीय मासूम बच्चा घायल हो गया। मृतकों की पहचान नैना गांव निवासी दादू लाल रैकवार एवं उनकी पत्नी के रूप में हुई है।
READ MORE: धार में तेंदुए का आतंक: महिला समेत चार लोगों पर किया अटैक, दहशत में ग्रामीण
घटना के अनुसार, दादू लाल रैकवार अपनी पत्नी और 5 वर्षीय बच्चे के साथ नैना गांव से सतना की ओर जा रहे थे। बगिया मोड़ के पास अचानक एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दादू लाल रैकवार और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 साल के बच्चे को गंभीर चोटें आईं।
READ MORE: सतना में तीन की दर्दनाक मौत: नहर में गिरा सरिया से लदा ट्रक, कटर मशीन से निकाले गए शव
स्थानीय लोगों ने तुरंत कोठी थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोठी थाना प्रभारी संतोष तिवारी सहित पुलिस स्टाफ ने घायल बच्चे को तत्काल सतना जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को भी पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे के बाद सड़क पर लगे लंबे जाम को तुरंत खुलवाया और यातायात बहाल किया। ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

