अनमोल मिश्रा, सतना। सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुष्पराज कॉलोनी में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। पथराव और हंगामे से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि पुष्पराज कॉलोनी में बीती रात कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे और अचानक गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
ये भी पढ़ें: सरपंच पति पर जानलेवा हमलाः शिक्षक के परिजनों ने की पिटाई, FIR दर्ज, आरोपी फरार, वीडियो वायरल
स्थानीय लोगों ने लगाए ये आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिसके चलते आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। रहवासियों ने कई बार प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसमें साफ तौर पर असामाजिक तत्वों की हरकतें देखी जा सकती हैं।
रहवासियों का कहना है यहां रोज शराब बिकती है, बाहर के लोग आकर उत्पात मचाते हैं। लोग बहुत परेशान हैं, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। प्रशासन से कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सवाल यह है कि आखिर कब तक अवैध शराब और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

